![]() |
नमस्कार , मैं श्रेयस जायसवाल
राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, वाराणसी के कक्षा दसवीं का छात्र हूं |और मैं कोविड-19 के तीसरी लहर से बचाव एवं संबंधित विषयों पर निबंध प्रस्तुत कर रहा हूं |
निबंध में निम्न बिन्दुओं पर लेख आधारित है
1. बीते वर्ष में कोरोना का सारांश
2. तीसरी लहर में बच्चों पर कहर
3. तीसरी लहर कब आएगी
4. अचानक बढ़े मामलों का कारण
5. कोरोनावायरस से पीड़ित लोगों के लक्षण
6. कैसे फैलता है कोरोनावायरस ?
7. क्या है भारत में कोरोना का वर्तमान हाल
8. किन चीजों का पालन करके हम कोरोना
के तीसरी लहर से खुद का बचाव कर
सकते हैं
शीर्षक– कोरोना की तीसरी लहर से बचाव
1. बीते वर्ष में कोरोना का सारांश
वैसे तो कोरोना वायरस 2019 में ही अस्तित्व में आ चुका था | परंतु साल 2020 में इसने भारत में पैर पसारे , लोगों को लगा की कुछ महीनों में इसका निजात मिल जाएगा और सब कुछ पहले जैसा हो जाएगा परंतु हकीकत तो यह थी कि लाख प्रयत्न करने पर भी हम इसे रोकने में सक्षम न हुए| और इसका कहर बरकरार रहा |साल 2021 में जब कोरोना की दूसरी लहर आई तो इसमें मरने वालों की संख्या में काफी इजाफा हुआ | कुछ ही महीनों में इसने देश भर में काफी तबाही मचाई ,अभी दूसरी लहर पूर्णतः खत्म भी नहीं हुई थी , की विशेषज्ञों ने तीसरी लहर की चेतावनी दे दी |
2. तीसरी लहर में बच्चों पर कहर
कोरोना के तीसरी लहर आने पर देश के विशेषज्ञों ने यह कहा है ,कि इस बार बच्चों पर कोरोना का सबसे अधिक असर होगा | देश में अधिकतर वयस्कों को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक मिल चुकी है | अब यह सवाल उठता है कि बच्चों को कोरोना का टीका क्यों नहीं लग रहा है? दरअसल,कोरोना वैक्सीन को सिर्फ 16 साल से अधिक उम्र के लोगो पर ही टेस्ट किया गया है ,इसलिए इस समय विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बच्चों को यह वैक्सीन ना लगाने की सलाह दी है | परंतु अब कोरोना के तीसरी लहर में बच्चों को ही अधिक खतरा है, इसलिए अब बच्चों के लिए वैक्सीन के उपयोग और ट्रायल की जरूरत बढ़ गई है |
3. तीसरी लहर कब आएगी
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत में कोरोना की तीसरी लहर अगस्त के मध्य में आने की संभावना है |जबकि मामले सितंबर में चरम पर पहुंच सकते हैं |और इससे बचने का एकमात्र उपाय टीकाकरण ही बताया जा रहा है |
4. अचानक बढ़े मामलों का कारण
इसका मुख्य कारण है - लोगों का सावधानी ना बरतना , धीरे धीरे लॉकडाउन खुलने के साथ लोगों ने जरूरी नियमों का पालन करना भी छोड़ दिया | और वैक्सीन आने के बाद तो लोगों ने मास्क पहनने , दो गज की दूरी का पालन करने , और बार-बार हाथ धोने का कोई महत्व ही नहीं समझा | बाजार खुल गए , लॉकडाउन हट गया है |परंतु वायरस अभी तक हमारे बीच है, लेकिन लोगों को तो जैसे सावधानी बरतने की आदत ही नहीं रही |यही वजह है कि दोबारा कोरोना के नए मामलों में वृद्धि हुई |
5. कोरोनावायरस से पीड़ित लोगों के लक्षण
• बुखार
• थकान
• सूखी खांसी
• नाक का बंद होना
• गले की खराश
• सांस लेने में कठिनाई
6. कैसे फैलता है कोरोनावायरस ?
कोरोना संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से यह फैलता है | जब कोई कोरोना संक्रमित, खांसता या छींकता है, तो उसके मुंह से आती बूंदों के गिरने के स्थान या वस्तु के संपर्क में आने वाले व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित हो जाते हैं | किसी संक्रमित व्यक्ति से कम से कम 2 गज की दूरी बनाए रखनी चाहिए |
7. क्या है भारत में कोरोना का वर्तमान हाल
वर्तमान (12 जुलाई 2021) तक भारत में, कोरोनावायरस के ( 3,08,74,376 ) से अधिक कुल पुष्ट मामले सामने आए हैं | वही ( 3,00,14,713 ) से अधिक संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं |और लगभग 4 लाख से अधिक संक्रमितों की मौत हो चुकी है |
8. किन चीजों का पालन करके हम कोरोना के तीसरी लहर से खुद का बचाव कर सकते हैं |
• अपने हाथों को समय-समय पर साबुन तथा पानी से धोएं या अल्कोहल आधारित सैनिटाइजर का प्रयोग करें |
• कोरोना संक्रमित लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें |
• मास्क का प्रयोग करें तथा भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें |
• यदि आप को बुखार खांसी और सांस लेने में कठिनाई होती है ,तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें |
• घर में साफ-सफाई का ध्यान दें तथा रोजाना स्नान करें |
• अपनी सेहत का ध्यान रखें ,एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले भोजन का आहार लें |
• कोरोनावायरस से बचाव के दिशा निर्देशों का पालन करें |
[ कोरोना वायरस के खिलाफ कुछ चर्चित नारें ]
दो गज की दूरी,
मास्क है जरूरी |
कोरोना से अगर बचना है,
तो मुंह पर मास्क पहनना है,
भीड़ से दूर रहना है,
यह हम सबका कहना है |
सुरक्षा जीवन का अर्थ है,
सुरक्षा बिना सब व्यर्थ है |
खुद डरे नहीं,
और ना दूसरों को डराए,
कोरोनावायरस के प्रति,
लोगों को जागरूक बनाएं |
स्वच्छता अपनाओ,
कोरोना को जड़ से हराओं |
